ताप बिजलीघरों में कोयले का भंडार घटने की गति थमी, 1.8 करोड़ टन से ऊपर बना भंडार
सरकार ने सोमवार को कहा कि देश के ताप बिजलीघरों में कोयले का भंडार घटने की रफ्तार इस महीने काफी धीमी हुई है। 29 सितंबर से कोयले का भंडार 1.8 करोड़ टन से ऊपर बना हुआ है। कोयला भंडार 29 सितंबर को 1.8932 करोड़ टन था, जो 10 अक्टूबर को घटकर 1.8205 करोड़ टन रह गया।
सितंबर में बिजलीघरों में कोयले का भंडार घटकर निचले स्तर पर आ गया था। कोयला मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘भंडार में स्थिरता से पता चलता है कि बिजलीघरों में कोयले की आपूर्ति उनकी दैनिक खपत के अनुरूप बनी हुई है। कम भंडार वाले बिजलीघरों में आपूर्ति पर करीबी नजर रखी जा रही है।
साथ ही, जरूरत के आधार पर कम भंडार वाले बिजलीघरों को कोयले का पुनर्वितरण किया जा रहा है, ताकि पर्याप्त आपूर्ति तथा निर्बाध बिजली उत्पादन सुनिश्चित हो सके।’’ मंत्रालय ने कहा कि अधिक मालगाड़ियों में कोयला लादे जाने के कारण चालू महीने में घरेलू बिजलीघरों में कोयले का भंडार घटने की रफ्तार काफी धीमी हुई है। बयान के अनुसार, ‘‘सितंबर में पूरे महीने कोयले का भंडार करीब 72.8 लाख टन घटा था। इस दौरान औसतन प्रतिदिन करीब 2.4 लाख टन की कमी आई।’’ मंत्रालय ने बताया कि अक्टूबर के पहले 10 दिन में कोयले का भंडार कुल मिलाकर केवल करीब 5.6 लाख टन घटा।
इस दौरान प्रतिदिन औसतन करीब 60,000 टन की कमी आई। बयान के अनुसार, मालगाड़ियों में कोयला लादने की संख्या बढ़ने से स्थिति में सुधार हुआ है। इस वर्ष एक से 10 अक्टूबर के दौरान बिजली क्षेत्र के लिए प्रतिदिन औसतन 469 रैक (मालगाड़ियों के डिब्बे) में कोयला लादा गया, जबकि सितंबर 2026 में यह औसत 426 रैक था।
इस तरह इसमें करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अक्टूबर में प्रतिदिन औसतन 447 से 482 रैक के बीच कोयला लादा गया। इसके परिणामस्वरूप, अक्टूबर में बिजली क्षेत्र को प्रतिदिन औसतन 24.9 लाख टन कोयले की वास्तविक आपूर्ति हुई, जबकि सितंबर में यह 22.1 लाख टन प्रतिदिन थी।
और भी कारोबार की खबरें
और देखें
भारत में जल्द आ सकती है 70 लाख रुपये की Jeep Gladiator
16 अक्टूबर 2026
BYD Sealion 7 का फेस्टिव एडिशन लॉन्च, सिर्फ 150 यूनिट होंगी उपलब्ध
14 अक्टूबर 2026
महिंद्रा XUV 3XO CNG की झलक आई सामने, 15 अक्टूबर को होगी लॉन्चिंग
12 अक्टूबर 2026
सितंबर में इक्विटी योजनाओं में शुद्ध निवेश 38,306 करोड़ रुपये पर पहुंचा
12 अक्टूबर 2026
महंगाई के बीच FDs पर ज्यादा ब्याज मिलेगा:रेपो रेट बढ़ने से बैंक भी ब्याज दरें बढ़ाएंगी
08 अक्टूबर 2026
सेंसेक्स में 100 अंक की गिरावट:73,000 पर कारोबार कर रहा, निफ्टी भी 50 अंक नीचे
07 अक्टूबर 2026