It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

WTC प्वाइंट्स टेबल: जीत के साथ पाकिस्तान को एक पायदान का फायदा, वेस्टइंडीज का हुआ नुकसान
By Lokjeewan Daily - 06-08-2026

पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट मैच में 8 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत का फायदा पाकिस्तान को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की प्वाइंट्स टेबल में मिला है। पाकिस्तान की टीम एक पायदान ऊपर चढ़कर अब प्वाइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर आ गई है। पाकिस्तान ने डब्ल्यूटीसी में अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं और इस दौरान टीम को 2 में जीत, जबकि 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। दूसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर था, हालांकि इस जीत के बाद पाकिस्तान को एक पायदान का फायदा पहुंचा है। इसके साथ ही टीम का जीत प्रतिशत भी 22.22 हो गया है। पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हार झेलने वाली वेस्टइंडीज टीम को एक स्थान का नुकसान हुआ है। डब्ल्यूटीसी की ताजा प्वाइंट्स टेबल में कैरेबियाई टीम अब 9वें स्थान पर खिसक गई है। वेस्टइंडीज ने 12 टेस्ट मैचों में सिर्फ 2 जीत दर्ज की है, जबकि 8 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। वेस्टइंडीज का जीत प्रतिशत 20.83 है।
दूसरे टेस्ट मैच में पहली पारी में वेस्टइंडीज ने 344 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 387 रन बनाने के साथ ही 43 रनों की अहम बढ़त हासिल की। हालांकि, दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों का हाल बेहाल रहा और पूरी टीम महज 117 रन बनाकर सिमट गई। टीम के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सके। पाकिस्तान की स्पिन जोड़ी अली उस्मान और साजिद खान ने चार-चार विकेट अपने नाम किए।
पाकिस्तान ने 75 रनों के लक्ष्य को आसानी से 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मेहमान टीम की तरफ से कप्तान बाबर आजम 24 और अब्दुल्ला शफीक भी 24 रन बनाकर नाबाद रहे। अजान अवैस ने 18 रनों का योगदान दिया, जबकि इमाम-उल-हक 9 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने 3 साल बाद विदेशी धरती पर जीत दर्ज की है। इससे पहले, टीम को घर से बाहर खेलते हुए टेस्ट में आखिरी जीत जुलाई 2023 में श्रीलंका के खिलाफ नसीब हुई थी।

अन्य सम्बंधित खबरे