खेत जोतने गए परिवार पर लाठी-तलवार से जानलेवा हमला, पिस्टल दिखाकर धमकाया, सोने के गहने लूटे
- तिरोली गांव में रात के अंधेरे में खूनी संघर्ष - बचाव में आई मां-बेटी व रिश्तेदार को भी पीटा
भीलवाड़ा लोकजीवन न्यूज। मांडलगढ़ उपखंड क्षेत्र के तिरोली गांव में खातेदारी कृषि भूमि की जुताई करने पहुंचे एक किसान परिवार पर कुछ लोगों ने एकराय होकर जानलेवा हमला कर दिया। रात के अंधेरे में हुई इस वारदात में आरोपियों ने न केवल ट्रैक्टर चालक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां, बहन और एक अन्य रिश्तेदार को भी लहूलुहान कर दिया। पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर पिस्टल और तलवार जैसे घातक हथियारों से डराने तथा महिलाओं व बुजुर्ग के सोने के आभूषण लूट ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, वहीं पीडि़ता की रिपोर्ट पर मांडलगढ़ थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में तिरोली निवासी गीता देवी पत्नी गोपाल गुर्जर ने बताया कि गांव की सरहद में उनकी खातेदारी की कृषि भूमि स्थित है, जिस पर उनका परिवार लंबे समय से काश्तकारी और खेती करता आ रहा है। रबी की फसल की बुवाई की तैयारी के तहत रात करीब आठ बजे उनका पुत्र हेमराज ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने गया था। आरोप है कि जैसे ही हेमराज ने खेत में ट्रैक्टर उतारा, वहां पहले से मौजूद सुरजा, शिवलाल, रघुनाथ, रामेश्वर और नारायण ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हेमराज को तुरंत खेत से बाहर निकलने की धमकी दी। जब हेमराज ने अपनी खातेदारी जमीन होने का हवाला देकर इसका विरोध किया, तो आरोपी उग्र हो गए और लाठियों व लात-घूंसों से उस पर टूट पड़े।
मां-बेटी से मारपीट, कान से नोचे टॉप्स
खेत से हेमराज की चीख-पुकार और शोर सुनकर पास ही मौजूद उसकी मां गीता देवी और बहन माया दौडक़र मौके पर पहुंचीं। उन्होंने हमलावरों के चंगुल से हेमराज को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी लाठियों से हमला बोल दिया। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनकी पुत्री माया के साथ अभद्रता करते हुए उसके कानों में पहने सोने के टॉप्स झपट्टा मारकर नोच लिए, जिससे उसके कानों में चोट आई है।
रिश्तेदार पर तलवार से वार, मांदलिया छीना
विवाद बढ़ता देख परिवार के ही रामचंद्र गुर्जर भी बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठियों व तलवार से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। तलवार और लाठियों की चोट से रामचंद्र के सिर व कमर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि हमले के दौरान आरोपियों ने रामचंद्र के गले में पहना सोने का मांदलिया भी छीन लिया। देर रात खेत पर मचा शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए और किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित परिवार को हमलावरों से छुड़ाया।
हथियारों का खौफ दिखाकर दी धमकी
पीडि़ता गीता देवी ने अपनी शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वारदात के समय आरोपी शिवलाल के हाथ में पिस्टल और रामेश्वरलाल के पास नंगी तलवार थी। हथियारों के दम पर आरोपियों ने परिवार को दोबारा खेत पर कदम रखने पर जान से मारने की धमकी दी है। घटना से दहशत में आए परिवार ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को गीता देवी ने थाने पहुंचकर घटना की लिखित रिपोर्ट दी। पुलिस ने घायल हेमराज का प्रारंभिक मेडिकल मुआयना करवाया है तथा पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, लूट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
मेडिकल कॉलेज भीलवाड़ा की बड़ी उपलब्धि: पहले पीजी बैच का 100 फीसदी परिणाम, सभी 8 विद्यार्थी सफल
एक दिन पहले
सीए छात्रा की मौत मामला: लवकुश मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग का शिकंजा, चस्पा किया नोटिस; 3 दिन में हाजिर नहीं होने पर लाइसेंस होगा निरस्त
एक दिन पहले
मौसम के मिजाज से बढ़ी मुश्किलें: पारे के अंतर से एमजीएच में उमड़ी मरीजों की भीड़
एक दिन पहले
आचार्य पुलकसागर बोले भीलवाड़ा वालों के दिलों में रहेंगे हम, विदाई की बेला में भावुक हुए नयन
एक दिन पहले
आस्था की ज्योति से झिलमिलाए घाट, उगते सूर्य को अघ्र्य के साथ छठ महापर्व संपन्न
एक दिन पहले
सीए छात्रा की इंजेक्शन लगाने के बाद मौत का आरोप: मेडिकल स्टोर को लगाई आग, हुआ जमकर हंगामा, तहसीलदार ने की दुकान सीज
15 नवम्बर 2026