It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

घर में अकेली महिला की गला घोंटकर हत्या, जेवरात लूटे, बदमाशों का नहीं लगा सुराग
By Lokjeewan Daily - 03-02-2026

- परिजनों ने मुआवजे व सरकारी नौकरी की रखी मांग
- पुलिस की काफी समझाइश के बाद हुआ पोस्टमार्टम
भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले के फुलियाकलां थाना क्षेत्र के कनेछनकलां गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में अकेली महिला की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात भी लूट ले गए। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। उधर पुलिस अभी तक बदमाशों का पता नहीं लगा पाई है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बसंती (45) पत्नी मोहनलाल बैरवा के रूप में हुई है। बसंती बीती रात गांव में आयोजित एक रात्रि जागरण में गई थी और करीब 1 बजे घर लौटी थी। घर में वह अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने गला दबाकर उसकी हत्या की और शव को तीन कंबलों से ढक दिया। जाते समय बदमाश मृतका के पहने हुए गहने—मांदलिया, रामनामी, झुमरिया और नथ—भी लूट ले गए। घटना का खुलासा हुआ जब मृतका की सास घर पहुंची और बसंती को मृत अवस्था में पाया। घटना के विरोध में परिजनों और समाज के लोगों ने सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की लंबी समझाइश के बाद सोमवार दोपहर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अन्य सम्बंधित खबरे