मुख्य सामग्री पर जाएं

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, घना धुआं दिखाई दिया, दमकल की कई गाड़ियां रवाना
  • अजमेर-डिस्कॉम के 14जिलों में किसानों को मिलेगी दिन में बिजली
  • जयपुर से पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी के लिए सोमवार को नई स्पेशल ट्रेन शुरू होगी।
  • ब्राजील में 80 साल के लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने चौथी बार राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया
  • चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 27 अक्टूबर तक भयानक तूफान में बदल सकता है।
भीलवाड़ा

Video - सातलियास के बाशिंदे उतरे सडक़ों पर, गंगापुर थाने का किया घेराव

- मारपीट की वारदातों से है ग्रामीणों में आक्रोश -पंचायती राज चुनाव के बहिष्कार का अल्टीमेटम

ल

लोकजीवन संवाददाता

26 अक्टूबर 2026, 01:02 PM 3 मिनट में पढ़ें

Video - सातलियास के बाशिंदे उतरे सडक़ों पर, गंगापुर थाने का किया घेराव

 भीलवाड़ा लोकजीवन /गंगापुर क्षेत्र की सातलियास ग्राम पंचायत में बीते कुछ समय से लगातार हो रही जानलेवा हमलों और मारपीट की वारदातों ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। बेखौफ घूम रहे असामाजिक तत्वों और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से त्रस्त ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने लामबंद होकर गंगापुर थाने का घेराव कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही दो-टूक चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हुए और आरोपियों को नहीं पकड़ा गया, तो आगामी पंचायती राज चुनाव का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाएगा।  घटनाक्रम के अनुसार, सोमवार तडक़े करीब 5 बजे सातलियास निवासी गोपाल शर्मा रोजमर्रा की तरह ग्रामीण क्षेत्र में समाचार पत्र वितरण करने के लिए निकले थे। इसी दौरान सातलियास के पास मुख्य सडक़ मार्ग पर घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से अचानक हमला बोल दिया। हमले में गोपाल शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में उन्हें स्थानीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
महीने भर पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात

थाने पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि यह कोई पहली घटना नहीं है। ठीक एक माह पूर्व भी सुबह के समय इसी तरह राजू शर्मा पर अज्ञात बदमाशों ने प्राणघातक हमला किया था। उस मामले में भी पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। बार-बार अलसुबह निर्दोष लोगों को निशाना बनाए जाने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सुबह सैर पर निकलने वाले बुजुर्गों और काम पर जाने वाले ग्रामीणों में डर बैठ गया है।
थाने के बाहर गूंजे नारे, निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
घटना की सूचना फैलते ही गांव से सैकड़ों की तादाद में युवा, बुजुर्ग और जनप्रतिनिधि एकजुट होकर गंगापुर थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने का मुख्य गेट घेर लिया और धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप था कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस गश्त नहीं बढ़ा रही, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां निर्वाचन अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि 24 घंटे के भीतर हमलावरों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त शुरू नहीं की गई, तो सातलियास ग्राम पंचायत का एक भी मतदाता पंचायती राज चुनाव में वोट नहीं डालेगा।
चुनाव बहिष्कार के ऐलान से प्रशासन के हाथ-पांव फूले
ग्रामीणों द्वारा चुनाव बहिष्कार का ऐलान करते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उधर, ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक गांव के लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे, तब तक लोकतंत्र के इस पर्व में उनकी कोई भागीदारी नहीं होगी। यदि समय रहते पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ नहीं की, तो यह गतिरोध प्रशासन के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें