मुख्य सामग्री पर जाएं

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, घना धुआं दिखाई दिया, दमकल की कई गाड़ियां रवाना
  • अजमेर-डिस्कॉम के 14जिलों में किसानों को मिलेगी दिन में बिजली
  • जयपुर से पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी के लिए सोमवार को नई स्पेशल ट्रेन शुरू होगी।
  • ब्राजील में 80 साल के लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने चौथी बार राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया
  • चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 27 अक्टूबर तक भयानक तूफान में बदल सकता है।
भीलवाड़ा

Video - बनास नदी में डूबने से किसान की मौत, जंगली जानवरों के डर से भाग गहरे गड्ढे में गिरा

- खेत पर रखवाली करने गया था किसान - जहाजपुर क्षेत्र के जामोली ग्राम की घटना

ल

लोकजीवन संवाददाता

26 अक्टूबर 2026, 01:05 PM 4 मिनट में पढ़ें

Video - बनास नदी में डूबने से किसान की मौत, जंगली जानवरों के डर से भाग गहरे गड्ढे में गिरा

भीलवाड़ा  लोकजीवन। जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र के जामोली रावतखेड़ा के समीप से गुजरने वाली बनास नदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। फसल की रखवाली करने खेत पर गए 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की जंगली जानवरों के डर से भागने के दौरान बनास नदी के गहरे गड्ढे में गिरने से पानी में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस और परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामोली निवासी 60 वर्षीय कैलाश पुत्र रामा किर बीते रविवार शाम को करीब 8 बजे अपने घर से बनास नदी के किनारे स्थित खेत पर फसल की रखवाली करने के लिए गए थे। ग्रामीण इलाकों में अक्सर रात के समय नीलगाय, सुअर और अन्य जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है, जो खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाते हैं। कैलाश किर भी अपनी मेहनत की फसल को बचाने के लिए रात के वक्त खेत पर रखवाली का जिम्मा संभाले हुए थे।

अचानक हुआ हादसा, गहरे गड्ढे में गिरे
परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि रात के अंधेरे में खेत पर अचानक जंगली जानवरों की हलचल हुई और उनके आने से खतरा पैदा हो गया। खुद की जान बचाने और जंगली जानवरों के डर से भागने के दौरान कैलाश किर का संतुलन बिगड़ गया। वे अंधेरे में रास्ते से भटकते हुए पास ही बह रही बनास नदी के एक गहरे गड्ढे में जा गिरे। गड्ढा अधिक गहरा होने और पानी का स्तर ज्यादा होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और पानी में डूब गए। रात का वक्त होने के कारण आसपास कोई मदद के लिए मौजूद नहीं था, जिससे उनकी जान चली गई।
सुबह शव मिलने से फैली सनसनी
सोमवार सुबह जब काफी देर तक कैलाश किर घर नहीं लौटे और ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे, तो बनास नदी के पानी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत जामोली की सरपंच मनीषा गुर्जर के पति एवं पूर्व सरपंच देवराज गुर्जर को दी गई। सूचना मिलते ही पूर्व सरपंच देवराज गुर्जर अपने साथियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए जहाजपुर थाना पुलिस को घटना की इत्तिला दी।
पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया
सूचना मिलने पर जहाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और पूर्व सरपंच देवराज गुर्जर की सहायता से कढ़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
मृतक की शिनाख्त 60 वर्षीय कैलाश किर निवासी जामोली के रूप में होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। इसके बाद मृतक के परिजन भगवान किर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की। जहाजपुर थाना पुलिस ने स्थानीय चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
ग्रामीणों और किसानों में सुरक्षा को लेकर चिंता
इस हृदयविदारक घटना के बाद जामोली रावतखेड़ा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में गहरा रोष और चिंता का माहौल है। किसानों का कहना है कि बनास नदी क्षेत्र में अवैध खनन के कारण कई जगहों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो आए दिन बड़े हादसों को दावत देते हैं। इसके साथ ही, रात के समय खेतों पर मंडराने वाले जंगली जानवरों का आतंक भी किसानों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। प्रशासन से मांग की गई है कि नदी के इन खतरनाक गड्ढों पर रोक लगाई जाए और किसानों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें