VideoNews - कमला देवी को किडनैप कर गहने लूटे, शव को छत पर जलाकर अवशेष नदी में फेंके, मुख्य आरोपी रवि तापडिय़ा गिरफ्तार
- कोठारी नदी में अवशेषों की तलाश कर रही पुलिस - भीमंगज थाने में दर्ज थी महिला की गुमशुदगी
भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वीर सावरकर चौक से 12 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। परिजनों की आशंका और पुलिस की अंदेशे के बीच इस मामले में एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज खुलासा हुआ है। महिला के साथ महज पैसों और गहनों के लालच में किडनैपिंग, लूट और निर्मम हत्या की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी रवि तापडिय़ा को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, वीर सावरकर चौक निवासी करीब 70 वर्षीय कमला देवी कांकरिया अपने घर पर अकेली रहती थीं। उनके बेटे का पूर्व में निधन हो चुका था और बहू अपने पीहर में रह रही थी। गत दिनों जब घर पर खाना बनाने आने वाली महिला को लगातार दो दिन तक मकान पर ताला लगा मिला, तो उसने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। बहू की ओर से 15 अक्टृबर को भीमगंज थाने में कमला देवी के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो महिला घर से अकेले जाती दिखी थी। संदेह के आधार पर रिकवरी का काम करने वाले एक युवक को डिटेन कर जब गहन पूछताछ की गई, तो करीब 12 दिन बाद परत-दर-परत वारदात की भयावह कहानी सामने आ गई।
लूट के बाद छत पर जलाया शव
पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार मुख्य आरोपी रवि तापडिय़ा ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने कबूला कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर कमला देवी का अपहरण किया और उनके पास मौजूद सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात लूट लिए। लूट की इस वारदात पर पर्दा डालने और सबूत मिटाने की नीयत से आरोपियों ने वृद्धा की अत्यंत निर्मम तरीके से हत्या कर दी। हत्या के बाद हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी रवि तापडिय़ा ने वृद्धा के शव को अपने ही मकान की छत पर ले जाकर आग के हवाले कर दिया।
शव के जलने के बाद नदी में बहाए अवशेष
शव के पूरी तरह जल जाने के बाद बचे हुए अवशेषों को कोठारी नदी में ले जाकर फेंक दिया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया। मामले का खुलासा होते ही पुलिस उपाधीक्षक सज्जन सिंह राठौड़ तथा भीमगंज थाना अधिकारी सुनील चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कोठारी नदी क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नदी में फेंके गए मृतका के अवशेषों को खंगाला जा रहा है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरातों की बरामदगी और वारदात में प्रयुक्त साधनों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ जारी है। इस रूह कंपा देने वाली वारदात के सामने आने के बाद पूरे भीलवाड़ा शहर और वीर सावरकर चौक क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच व पोषण किट वितरित, टीबी रोगियों को मिला राशन
58 मिनट पहले
गुलाबी ठंड का प्रकोप: एमजीएच की मेडिकल ओपीडी में मरीजों की भीड़
2 घंटे पहले
लापरवाही की खुदाई से फूटी पेयजल लाइन, हजारों लीटर पानी बर्बाद
2 घंटे पहले
सूने मकान से 6 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी ले उड़े चोर
2 घंटे पहले
एएसपी राजेश आर्य सहित 9 आरपीएस अधिकारी सिलेक्शन स्केल में पदोन्नत
2 घंटे पहले
खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार 850 किलो मिलावटी खाद्य सामग्री सीज
20 घंटे पहले