गांवों की सत्ता में कांग्रेस: जिला परिषद में भारी बढ़त, 16 में से 13 पंचायत समिति जीती, भाजपा को करारा झटका
- पूर्व मंत्री जाट व गुर्जर की जोड़ी का कमाल, भाजपा महज 3 पंचायत समिति में, कांग्रेस में जश्न, भाजपा में निराशा
लोकजीवन न्यूज सर्विस, भीलवाड़ा
गांवों की सत्ता में कांग्रेस ने एक बार अपनी कुशल रणनीति के दम पर भाजपा को करारा झटका दिया है। देव प्रबोधिनी एकादशी पर आज परिणाम बहुत चौंकाने वाले आए। ग्रामीण मतदाताओं ने ‘हाथ’ का साथ दिया है, जबकि ‘कमल’ बुरी तरह नकार दिया। कांग्रेस 45 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा से आगे है। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस ३० सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं भाजपा 1५ पर आगे हैं। पिछले चुनाव में 37 में से 22 सीटें भाजपा व 15 सीटें कांग्रेस को मिली थी। अभी मतगणना जारी है।
कांग्रेस ने जिले की 16 में से 13 पंचायत समितियों में बहुमत पाया है।
इस बार कांग्रेस ने 6 पंचायत समितियों जहाजपुर, मांडलगढ़, मांडल, रायपुर, हुरड़ा, बिजौलियां को बरकरार रखने के साथ ही नवगठित तीन पंचायत समितियों शंभूगढ़, खजूरी व फूलिया में जीत हासिल की है। भाजपा केवल कोटड़ी व सहाड़ा को ही बरकरार रख पाई। कांग्रेस ने भाजपा से सुवाणा, बनेडा़, करेड़ा व शाहपुरा पंचायत समिति छीन ली। वहीं भाजपा ने आसींद में समर्थन हासिल किया। वहां 2020 के चुनाव में कांग्रेस ने निर्दलीय को समर्थन देकर उसे प्रधान बनाया था।
जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में आज सुबह 8 बजे से कड़ी पुलिस सुरक्षा में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज तिलक नगर में मतगणना शुरू हुई। जिला परिषद के 45 वार्डों में 111 प्रत्याशी तथा 16 पंचायत समितियों के 288 वार्डों में 783 प्रत्याशी की इवीएम में बंद किस्मत खुली। कुल 333 सदस्यों के सिर जीत का सेहरा बंधा, बाकी को पराजय का सामना करना पड़ा। जैसे-जैसे परिणाम आते गए, कहीं खुशी तो कहीं गम की स्थिति बनती गई। इन नए परिणाम से कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है, वहीं भाजपा में निराशा है।
समर्थकों में उत्साह, मेले सा माहौल
मतगणना को लेकर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। जैसे-जैसे रुझान और परिणाम आते गए, जितने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों में जोश बढ़ता गया। वे नारे लगाते रहे। वहीं पिछडऩे वाले प्रत्याशियों के समर्थक निराश दिखाई दिए। मतगणना से पहले काउंटिंग सेंटर के बाहर मेले जैसा माहौल नजर आया। पोलिंग बूथ एजेंट्स को चेकिंग के बाद ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया गया।
पूर्व डेयरी चेयरमैन चौधरी की पत्नी विजयी, प्रधान की दावेदार
हुरड़ा पंचायत समिति के वार्ड नंबर 3 से भीलवाड़ा डेयरी के पूर्व चेयरमैन रतन लाल चौधरी की पत्नी गीता देवी ने 1357 वोटों से चुनाव जीत लिया। वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं। गीता देवी प्रधान पद की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
सरपंच संघ अध्यक्ष शक्ति सिंह की पत्नी जीती
भाजपा नेता एवं सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष शक्ति सिंह कालियास की पत्नी तारा कंवर ने जिला परिषद वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस की समता जाट को हराया।
सहाड़ा में बहेडिय़ा व जाट की पुत्रवधू जीती
पंचायत समिति सहाड़ा में वरिष्ठ नेता मदन लाल बहेडिय़ा की पुत्रवधू कमला देवी बहेडिय़ा, ब्लॉक अध्यक्ष सोहन लाल जाट की पुत्रवधू पायल जाट जीती।
भाजपा नेता रामपाल शर्मा के पुत्र राहुल जीते
भाजपा नेता एवं पूर्व यूआईटी चेयरमैन रामपाल शर्मा के पुत्र राहुल दाधीच जिला परिषद चुनाव जीत गए हैं। शर्मा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए थे।
पूर्व मंत्री गुर्जर की पत्नी हारी
भाजपा के पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर की पत्नी सुवाणा की पूर्व प्रधान सरोज देवी गुर्जर जिला परिषद चुनाव हार गई। उन्हें कांग्रेस की सुनीता सुमन कौशिक ने हराया।
भाजपा नेता जाट चुनाव हारे
भाजपा नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य रूपलाल जाट जिला परिषद चुनाव हार गए हैं। यहां कांग्रेस की रामकन्या मैदान में थी। रूपलाल जाट पूर्व मंत्री रामलाल जाट के समधि हैं।
धीरज गुर्जर के दोहरी खुशी, खुद राष्ट्रीय सचिव बने, मां चुनाव जीती
राजस्थान बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं जहाजपुर के पूर्व विधायक धीरज गुर्जर को आज देव प्रबोधिनी एकादशी पर दोहरी खुशी मिली है। पहली, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने धीरज गुर्जर को फिर राष्ट्रीय सचिव बनाया है। उन्हें इस बार जम्मू कश्मीर व लद्दाख के सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व का गुर्जर पर पुन: भरोसा जताना उनकी संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और मेहनत का परिणाम है। इससे पूर्व धीरज गुर्जर राष्ट्रीय सचिव रहते हुए उत्तरप्रदेश के सह प्रभारी रह चुके हैं। दूसरी खुशी माता के चुनाव जीतने की है। जहाजपुर की पूर्व प्रधान सीता देवी गुर्जर जहाजपुर पंचायत समिति के वार्ड 2 से चुनाव जीत गई हैं। वे पहले 2015 के चुनाव में भी जीतकर प्रधान बनी थी। प्रदेश में सत्ता बदलने के बाद सीतादेवी को पद के दुरुपयोग के आरोप में राज्य सरकार ने हटा दिया था। इसके बाद गुर्जर कोर्ट भी गए थे। अब यदि उनकी मां सीता देवी पुन: जहाजपुर प्रधान बन जाती है तो तीन खुशियां हो जाएगी।
आरएलपी ने दो सीटें जीती, 10 सीटों पर निर्दलीय
पंचायत समिति चुनाव में इस बार हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने भी एंट्री कर ली है। इस पार्टी ने फूलियां कलां व हुरड़ा पंचायत समिति में एक-एक सीट जीती है। इसी तरह 10 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
जिला प्रमुख के दावेदार
कांग्रेस से कैलाश मीणा प्रबल दावेदार
ऊपरमाल क्षेत्र के खनन उद्यमी कैलाश मीणा जिला परिषद चुनाव जीत गए हैं। अब तक के रुझान से यदि कांग्रेस को जिला परिषद में बहुमत मिलता है तो वे जिला प्रमुख के प्रबल दावेदार हैं।
इनका बढ़ा कद
कांग्रेस: रामलाल जाट: कुशल रणनीति से भाजपा को दी मात
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी रहे पूर्व राजस्व मंत्री रामलाल जाट वर्तमान में कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में ही पंचायत चुनाव लड़ा गया। जाट की कुशल रणनीति ने जिला परिषद व पंचायत समिति चुनावों में भाजपा को मात देकर कांग्रेस को सफलता दिलाई। इससे जिले में ग्रामीण स्तर पर कांग्रेस संगठन तो मजबूत हुआ ही है, जाट का कद भी संगठन की दृष्टि में और बढ़ गया है।
धीरज गुर्जर-जहाजपुर-खजूरी जीती, कोटड़ी हारे
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रियंका गांधी व राहुल गांधी के नजदीकी माने जाने वाले धीरज गुर्जर जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे हैं। जहाजपुर व नवगठित खजूरी पंचायत समिति में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है। दोनों जगह कांग्रेस का प्रधान बनना तय है। इससे धीरज ने अपने क्षेत्र के मतदाताओं में पकड़ साबित की है। हालांकि कोटड़ी में वे पार्टी का बहुमत नहीं ला सके।
भाजपा: ये नहीं बचा पाए साख
सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक गोपाल खंडेलवाल मांडलगढ़, गोपीचंद मीणा जहाजपुर, लालाराम बैरवा शाहपुरा, जब्बर सिंह सांखला आसींद, लादूलाल पीतलिया सहाडा़, उदयलाल भडाणा मांडल ने अपने-अपने क्षेत्रों में पंचायत चुनाव की कमान संभाली। पार्टी के लिए वोट मांगें, फिर भी साख नहीं बचा पाए।
किस पंचायत समिति में किस पार्टी को कितनी सीटें
पंचायत समिति वार्ड भाजपा कांग्रेस आरएलपी अन्य
बिजौलियां 15 7 8 -- --
जहाजपुर 17 5 10 -- 2
खजूरी 15 5 10 -- --
कोटड़ी 27 16 11 -- --
मांडलगढ़ 21 8 12 -- 1
बनेड़ा 17 5 12 -- --
करेड़ा 17 5 12 -- --
मांडल 21 6 15 -- --
सुवाणा 27 8 19 -- ---
फूलियाकलां 15 4 10 1 --
रायपुर 15 6 8 -- 1
सहाड़ा 19 10 9 -- --
शाहपुरा 15 4 11 -- --
आसीन्द 15 9 4 -- 2
हुरड़ा 17 4 10 1 2
शंभूगढ़ 15 6 7 -- 2
कुल 288 108 168 2 10
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
देवउठनी ग्यारस पर सामूहिक विवाह सम्मेलनों की धूम, कई जोड़े बंधे विवाह सूत्र में
12 घंटे पहले
उमड़ा आस्था का सैलाब: 16,108 तुलसी-शालिग्राम विवाह के साक्षी बने हजारों श्रद्धालु
12 घंटे पहले
बदनोर व जोधड़ास के दो मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित
एक दिन पहले
सांसें थमीं, पर ज्ञान का दीप जला गए: 'प्रथम गुरु' के सम्मान में झुके भावी चिकित्सकों के शीश
एक दिन पहले
तुलसी संग ब्याह रचाने पहली बार पधारे मेवाड़ धणी गढ़बोर चारभुजानाथ, सजीव झांकी और भजनों पर झूम उठे हजारों श्रद्धालु
एक दिन पहले
गुरला में आधी रात मकान में भीषण आग, 2 से 3 लाख का सामान जलकर खाक
18 नवम्बर 2026