मुख्य सामग्री पर जाएं

बुधवार, 25 नवम्बर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार रात 5 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी।
  • भारत-चीन समेत 16 देशों पर टैरिफ बढ़ा सकता है अमेरिका
भीलवाड़ा

सर्द हवाओं में घुली तिल-गुड़ की मिठास, चौराहों पर महकने लगे जलेबी-दूध

-   बाजारों में बढ़ गई पारंपरिक विंटर फूड की रौनक  -  महंगाई के बावजूद शौकीनों के उत्साह में कमी  नहीं

ल

लोकजीवन संवाददाता

25 नवम्बर 2026, 01:09 PM 3 मिनट में पढ़ें

सर्द हवाओं में घुली तिल-गुड़ की मिठास, चौराहों पर महकने लगे जलेबी-दूध

 भीलवाड़ा। गुलाबी ठंड के अब तीखे तेवर दिखाने के साथ ही वस्त्रनगरी की शामें सोंधी खुशबू और पारंपरिक जायकों से गुलजार होने लगी हैं। सूरज ढलते ही शहर के कई मुख्य मार्गों पर तिल-गुड़ की गजक, रेवड़ी, भुनी हुई मूंगफली, खजूर, चटपटे गराडू और कड़ाही में उबलते केसरिया दूध व जलेबी की दुकानों पर शहरवासियों की भीड़ उमडऩे लगी है। शहर के पुराने बाजारों और चौराहों पर लगी अस्थायी दुकानों पर गजक कारीगरों की हथौड़े की थाप सुबह से देर रात तक सुनाई दे रही है। कारीगरों के अनुसार, सर्दी के चार महीने ही उनका मुख्य सीजन होता है। इस बार मावा गजक, तिलपट्टी, रोल गजक, मूंगफली की चिक्की और गुड़ की रेवड़ी की खासी मांग है। कारीगरों का कहना है कि शुद्ध देसी घी और कोल्हू के गुड़ से बनी गजक की खुशबू लोगों को दूर से ही खींच लाती है। मीठे के साथ-साथ चटपटे स्वाद के शौकीनों के लिए मालवा के प्रसिद्ध तले हुए 'गराडू' (रतालू) पर विशेष मसाला और नींबू निचोडक़र खाने का क्रेज भी सिर चढक़र बोल रहा है। वहीं, रात के समय परिवार और दोस्तों के साथ निकलने वाले लोग कुल्हड़ वाले केसरिया-बादाम दूध और देसी घी की गर्मागर्म जलेबी का लुत्फ उठा रहे हैं।
महंगाई का असर, तिल-गुड़ के भावों में तेजी

तिल-गुड़ और गजक व्यापारियों के मुताबिक, इस वर्ष सफेद तिल, कोल्हू के गुड़, देसी घी और सूखे मेवों काजू, बादाम, पिस्ताके भावों में पिछली बार की तुलना में 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते तैयार गजक और मिठाइयों के दाम भी थोड़े बढ़े हैं। हालांकि, व्यापारियों का मानना है कि सेहत और स्वाद से जुड़े इस पारंपरिक व्यंजन की खरीदारी पर महंगाई का कोई खास नकारात्मक असर नहीं दिख रहा है। लोग सर्दी में शरीर को प्राकृतिक गर्माहट देने के लिए इनकी जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
शहरवासियों के लिए सेहत और स्वाद का संगम
शाम को बाजार में परिवार के साथ गजक और भुनी मूंगफली का आनंद लेने पहुंचे शहरवासियों का कहना है कि आधुनिक फास्ट फूड के दौर में भी सर्दियों में तिल-गुड़, मूंगफली और खजूर खाने की परंपरा का कोई मुकाबला नहीं है। यह न केवल स्वाद में बेहतरीन है, बल्कि ठंड से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का भी सबसे देसी और कारगर नुस्खा है।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें