मुख्य सामग्री पर जाएं

रविवार, 29 नवम्बर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • जल्द से जल्द यमुना जल समझौता और रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं को किया जाए पूर्ण : भजनलाल शर्मा
  • सुरक्षा बलों ने नाकाम की बड़ी आतंकी साजिश: शोपियां से ग्रेनेड और कारतूसों के साथ लश्कर के 3 मददगार गिरफ्तार
  • परिसीमन विधेयक पर मोदी सरकार ने तेज की सर्वदलीय कवायद, दो-तिहाई बहुमत मिलने का पूरा भरोसा
भीलवाड़ा

राजसमंद में कांग्रेस का दबदबा, प्रमुख सहित 8 पंचायत समितियों में कांग्रेस समर्थित प्रधान, एक में भाजपा का

ल

लोकजीवन संवाददाता

28 नवम्बर 2026, 02:32 PM 3 मिनट में पढ़ें

राजसमंद में कांग्रेस का दबदबा, प्रमुख सहित 8 पंचायत समितियों में कांग्रेस समर्थित प्रधान, एक में भाजपा का

राजसमंद। पंचायती राज चुनाव में भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले राजसमंद जिले में इस बार राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। जिले में कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद से लेकर पंचायत समितियों के प्रधान पदों तक अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है। जिले की 9 पंचायत समितियों में से 8 पर कांग्रेस समर्थित प्रधान निर्वाचित हुए हैं, जबकि भाजपा को केवल चारभुजा पंचायत समिति में सफलता मिली है। राजसमंद पंचायत समिति में कांग्रेस ने अपना आधिकारिक उम्मीदवार मैदान में उतारने के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार मंजू कुमावत को समर्थन दिया था, जिसके चलते मंजू कुमावत प्रधान निर्वाचित हुईं। वहीं कुंभलगढ़ में सत्यनारायण बाहती, भीम में सपना कुमारी, देलवाड़ा में कृष्णा देवी, आमेट में गणेश कुंवर, खमनोर में कूक सिंह, रेलमगरा में शंभूलाल जाट और देवगढ़ में गीता गुर्जर प्रधान निर्वाचित हुए। इन सभी को कांग्रेस समर्थित बताया गया है। दूसरी ओर, भाजपा को जिले की एकमात्र चारभुजा पंचायत समिति में सफलता मिली, जहां गोपीलाल भील निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए। चारभुजा पंचायत समिति की प्रधान सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित थी और कांग्रेस की ओर से एसटी वर्ग का कोई उम्मीदवार निर्वाचित नहीं होने के चलते गोपीलाल भील निर्विरोध चुन लिए गए। इससे पहले जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस की सुंदर देवी कीर ने भाजपा के मदन सिंह चौहान को पांच मतों से हराकर जीत दर्ज की थी और कांग्रेस ने करीब 12 साल बाद जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया है।
समीक्षा के घेरे में प्रदेश सरकार और स्थानीय नेतृत्व

जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक आए इन नतीजों ने जिले की राजनीति में नए समीकरण खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस की इस अप्रत्याशित सफलता से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, वहीं भाजपा के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में मिले इस जनादेश के कारणों की समीक्षा करने की चुनौती खड़ी हो गई है। राजनीतिक हलकों में प्रदेश की भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी और ग्रामीण क्षेत्र के मुद्दों को चुनाव परिणामों से जोडक़र देखा जा रहा है। पंचायती राज चुनाव के इन नतीजों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चुनाव परिणामों को लेकर मायूसी देखी जा रही है। राजसमंद जिले में आए ये नतीजे आने वाले समय में स्थानीय राजनीति की दिशा और दशा को प्रभावित कर सकते हैं।
नौ पंचायत समितियों के प्रधानों की सूची
राजसमंद में मंजू कुमावत (निर्दलीय, कांग्रेस समर्थित), कुंभलगढ़ में सत्यनारायण बाहती (कांग्रेस), भीम में सपना कुमारी (कांग्रेस), देलवाड़ा में कृष्णा देवी (कांग्रेस), आमेट में गणेश कुंवर (कांग्रेस), खमनोर में कूक सिंह (कांग्रेस), रेलमगरा में शंभूलाल जाट (कांग्रेस), देवगढ़ में गीता गुर्जर (कांग्रेस), चारभुजा में गोपीलाल भील (भाजपा) में प्रधान बने। 

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें