कमला हत्याकांड: वारदात स्थल पर खोली पुलिस चौकी, साक्ष्य जुटाने 24 घंटे दौड़ रही पुलिस टीम
- मकान की छत उधेड़ी लेकिन कुछ नहीं मिला - नाले में भी तलाशे अवशेष पर हाथ खाली
भीलवाड़ा लोकजीवन न्यूज। शहर को झकझोर देने वाले बहुचर्चित कमला कांकरिया हत्याकांड की तह तक जाने के लिए भीमगंज थाना पुलिस 24 घंटे प्रयासरत है। पुलिस ने वारदात स्थल पर पुलिस चौकी भी खोल डाली। तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक पुलिस को कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले है। इस मामले को लेकर पुलिस ने वारदात स्थल वाले मकान की छत को उधेड़ा। पांडु के नाले में साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता लगा कि घटना स्थल के मकान की प्रथम मंजिल की खुली छत पर वृद्धा के शव को 13 अक्टूबर की मध्य रात के बाद जलाया गया था। यहां फर्श पूरी तरह काला पडऩे के साथ ही उसमें दरार आ गई थी। ऐसे में आरोपी रवि व हीरा सिंधी एक मजदूर राजू को 14 अक्टूबर की सुबह 7.30 बजे ले आए थे। दोनों ने ही उसे सीमेंट, बजरी व सफेदी दिलवाई और छत की मरम्मत कराई। मरम्मत से पूर्व यहां एकत्रित मलबा को समीप ही पांडु के नाले में मजदूर के जरिए फिंकवाया। आरोपियों की इस सूचना पर पुलिस टीम बड़ी पुलिया के नीचे से गुजर रहे पांडु के नाले पर पहुंची। पुलिस टीम ने यहां करीब दो घंटे तक कचरे के ढेर में अवशेष संभाले, वहीं पानी में भी सर्च किया। लेकिन यहाँ कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इस दौरान महात्मा गांधी चिकित्सालय के मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. अनुपम बसंज भी मौजूद रहे। वहीं पुलिस टीम ने मृतका की बहू एवं परिवादी रवीना को भी घटना स्थल दिखाया। पुलिस व एफएसएल टीम मकान की छत पर पहुंची। टीम ने छत के उस हिस्से की खुदाई की, जहां पर आरोपी रवि ने खुदाई कर मरम्मत करवाई थी। लेकिन यहां भी कुछ संदिग्ध नजर नहीं आया। दूसरी तरफ पुलिस टीम मजदूर राजू को भी तलाश कर मौके पर ले आई। राजू ने मरम्मत कार्य की तसदीक की। उसने बताया कि आरोपी रवि ने मजदूरी के पांच सौ रुपये देने की बात कही थी। यहां करीब चार घंटे छत की मरम्मत के साथ ही कुछ हिस्सों में पुताई भी की। राजू का कहना था कि उसे मेहनताना के पांच सौ रुपये भी नहीं दिए गए।
रवि के शहर में कई मकानों पर कब्जे
पुलिस जांच में सामने आया कि रवि तापडिय़ा ने शहर में कई मकानों पर कब्जे कर रखे हैं। इनमें घटना स्थल का मकान भी शामिल है। यह मकान उसके दोस्त मनीष का है, धोखे से रवि ने यह मकान हड़प लिया, इसके बाद मनीष ब्यावर चला गया। वह अब कोर्ट कचहरी के चक्कर लगा रहा है। इसी प्रकार आरोपी रवि व उसकी गैंग ने कईयोंं की जमीन तक दबा रखी है।
मीट कहां से, किस दुकान से और कितना खरीदा
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद उसी रात उसने मकान की छत पर करीब 40 दोस्तों के साथ मीट पार्टी आयोजित की थी। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि मीट कहां से, किस दुकान से और कितना खरीदा गया था। इसके अतिरिक्त, मृतका के बैंक खातों, लेनदेन और घर में रखे लेन-देन के दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
एसपी ने दिए साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन करने के निर्देश
घटनास्थल का स्वयं निरीक्षण करने पहुंचे जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने जांच अधिकारी एवं शहर कोतवाली/भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी को साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन करने के निर्देश दिए हैं। इस पूरे प्रकरण में रवि तापडिय़ा का भतीजा कालू तापडय़िा अभी भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
तीन कर्मचारी चुनाव में नहीं गए, आठ प्रशिक्षण में ही नहीं आए, नोटिस
32 मिनट पहले
बिना टिकिट यात्रियों और अवैध वाहनों पर रोडवेज कसेगा शिकंजा
34 मिनट पहले
अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई, अल सुबह तीन कॉम्पलेक्स सीज
35 मिनट पहले
मुखिया चुनने के लिए ग्रामीणों में उत्साह, 1 बजे तक 42 प्रतिशत ने वोट डाला
39 मिनट पहले
पंचायत चुनाव में मतदान कर लौट रही बैलगाड़ी को कार ने मारी टक्कर, तीन महिलाएं घायल
एक घंटा पहले
आसमान पर बादलों का पहरा, हवाओं ने कराया सर्दी का अहसास, घरों में बंद हुए कूलर-पंखे
एक घंटा पहले