कोटड़ी रोड पर हादसा: बाइक सवार दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
भीलवाड़ा। पारोली थाना क्षेत्र के कोटड़ी रोड पर रविवार देर रात एक बेकाबू और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। भीषण टक्कर में एक युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे दोस्त ने भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पारोली थाना प्रभारी कमलेश कुमार मीणा के अनुसार, फलासेड़ निवासी कान्हा उर्फ कन्हैयालाल गुर्जर (20) पुत्र उदयलाल गुर्जर रविवार रात अपने साथी रामपाल गुर्जर (22) पुत्र भागचंद गुर्जर के साथ बाइक से फलासेड़ से कोटड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोटड़ी रोड पर दांतड़ा और कोठाज के बीच रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कन्हैयालाल का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों युवक लहूलुहान हालत में सडक़ पर पड़े रहे और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को कोटड़ी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। रामपाल की हालत नाजुक होने पर उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां देर रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी नारायण गुर्जर के मुताबिक, पुलिस करीब 2 से ढाई घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस मौके पर आई थी, लेकिन घायल को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया। इस व्यवस्था और देरी को लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई। पुलिस ने रामपाल का शव भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल और कन्हैयालाल का शव कोटड़ी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। सोमवार सुबह दोनों का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रामपाल मार्बल की खान में काम करता था और उसके परिवार में दो बेटे व एक बड़ा भाई है। वहीं, कन्हैयालाल खेती का काम करता था; उसकी शादी कोठाज में हुई थी, उसके कोई संतान नहीं है और परिवार में एक छोटा भाई है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
सरस डेयरी में एयर स्ट्राइक से भडक़ी आग, मिनटों में पहुंची पुलिस, दमकल और एंबुलेंस
2 घंटे पहले
चेक अनादरण के मामलों के निस्तारण को विशेष लोक अदालत शुरू, 12 बैंचों पर हो रही सुनवाई
21 नवम्बर 2026
नन्हे कदमों की सुरक्षा के पल्स पोलियो महाअभियान कल से, निकाली जनजागरूकता रैली
21 नवम्बर 2026
प्र्रदूषण के खिलाफ अब देश के 4 लाख डॉक्टर मैदान में, आईएमए तैयार करेगा श्वेत पत्र
21 नवम्बर 2026
गांवों की सत्ता में कांग्रेस: जिला परिषद में भारी बढ़त, 16 में से 13 पंचायत समिति जीती, भाजपा को करारा झटका
20 नवम्बर 2026
देवउठनी ग्यारस पर सामूहिक विवाह सम्मेलनों की धूम, कई जोड़े बंधे विवाह सूत्र में
20 नवम्बर 2026