आग का तांडव: शहर के गोदाम भभके, गांवों में बाड़े स्वाहा, 20 ट्रॉली चारा जला
- एक साथ हुई घटनाओं से दमकलें कम पड़ीं - गांवों में किसानों को हुआ लाखों का नुकसान
भीलवाड़ा लोकजीवन न्यूज। दीपावली के पावन पर्व और उसके बाद के दिनों में भीलवाड़ा शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक आगजनी की एक के बाद एक कई दिल दहला देने वाली घटनाओं ने पूरे प्रशासनिक अमले और आम जनता को हिला कर रख दिया है। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों से लेकर गांवों तक भडक़ी आग की लपटों ने लाखों-करोड़ों की संपत्ति और किसानों की मेहनत को कुछ ही घंटों में राख के ढेर में तब्दील कर दिया। एक साथ कई जगहों पर आग लगने के कारण दमकल विभाग के संसाधन कम पड़ गए, जिससे आपदा प्रबंधन की पोल खुलती नजर आई। गनीमत यह रही कि इन डरावनी घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन इसने सुरक्षा के पुख्ता दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं।
जासोरिया गांव में पशु बाड़े में भीषण आग, 20 ट्रॉली चारा खाक
शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी आगजनी का खौफनाक रूप देखने को मिला। रायला थाना क्षेत्र के जासोरिया गांव में सोमवार देर शाम को एक पशु बाड़े में अचानक भीषण आग लग गई। स्थानीय निवासी मुकेश गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आग गांव के श्रवण पुत्र सोजी राम गुर्जर के बाड़े में लगी। देर शाम बाड़े से अचानक धुएं के ऊंचे गुबार और आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत नजदीकी औद्योगिक इकाइयों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही संगम इंडिया लिमिटेड सरेरी से एक और आगूचा माइंस से एक दमकल गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। इसके साथ ही ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी के निजी टैंकरों की भी मदद ली। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस हादसे में बाड़े में रखा करीब 20 ट्रॉली पशु चारा (कड़बी) जलकर पूरी तरह राख हो गया, जिससे पीड़ित किसान के सामने मवेशियों के चारे-पानी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे मवेशी सुरक्षित बच गए।
बागोर में कॉम्प्लेक्स और तेलीखेड़ा में टेंट गोदाम राख
त्योहार की खुशियों के बीच बागोड़ कस्बे में मुख्य बाजार स्थित दीपेश देवपुरा कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर रविवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से अचानक आग भडक़ उठी। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे गद्दे, फर्नीचर, फ्रिज, सोफा और प्लाईवुड सहित करीब 10 लाख रुपये के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। उधर, सदर थाना क्षेत्र के तेलीखेड़ा गांव में सुरेश तेली के टेंट हाउस गोदाम में भी भीषण आग लगने से टेंट का सामान, कुर्सियां, टेबल और एक बाइक जलकर स्वाहा हो गई।
कबाड़ गोदाम कुछ ही घंटों बाद दोबारा लगी आग
सोमवार रात को शहर के 100 फीट रोड स्थित देवनारायण सर्किल, यश ऑटोमोबाइल्स के पीछे और सांगानेर रोड पर स्थित बीड़ी गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इसी प्रकार शारदा चौराहे के पास जय मां ट्रेडर्स के प्लास्टिक कबाड़ गोदाम में सोमवार रात पटाखों से लगी आग पर मंगलवार सुबह काबू पाया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद वहां दोबारा आग सुलग उठी, जिससे दमकल विभाग को फिर मशक्कत करनी पड़ी।
प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल
एक ही समय में शहर से लेकर गांवों तक ताबड़तोड़ आगजनी की घटनाओं ने स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों की पोल खोल दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयों की दमकलों और टैंकरों के सहारे आग बुझानी पड़ी। फिलहाल, प्रशासन नुकसान के आंकलन और पीड़ित किसानों व व्यापारियों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग पर विचार कर रहा है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
सजी गाय-बैलों के सजावटी सामान की दुकानें, सींगों पर कलरफुल रंग और पैरों में बांधेंगे घंघरू
7 घंटे पहले
दीपोत्सव की खुशियां पड़ी भारी: अनियंत्रित खानपान और मिठाइयों से बिगड़ी सेहत
7 घंटे पहले
अपराधियों के हौसले बुलंद! खजूरी अरिहंत पेट्रोल पंप कर्मचारियो पर बदमाशों का जानलेवा हमला
7 घंटे पहले
तालाब में डूबे मवेशी चराने गए युवक का शव बरामद, 6 घंटे के चला सघन सर्च ऑपरेशन
8 घंटे पहले
गोवर्धन पूजा कर की खुशहाली की कामना, घर-घर गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे
8 घंटे पहले
अन्नकूट महोत्सव की धूम: पेच के बालाजी पर 21 हजार किलो सब्जियों का बन रहा महाप्रसाद
8 घंटे पहले