It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

भोलेनाथ की प्रतिमा चोरी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, मोबाइल टावर पर चढ़े दो युवक
By Lokjeewan Daily - 26-09-2026

- नंगाजी का खेड़ा में मूर्ति चोरी से आक्रोश
- मौके पर उमड़ी भीड़, हाईवे पर मचा हडक़ंप
भीलवाड़ा/गुलाबपुरा लोकजीवन। जिले के नंगाजी का खेड़ा गांव स्थित प्राचीन मंदिर से भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा चोरी होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस की सुस्त कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा  फूट पड़ा। विरोध स्वरूप क्षेत्र के दो युवक राष्ट्रीय राजमार्ग-48   स्थित आपलियास चौराहे के पास एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। युवकों की मांग है कि चोरी गई भोलेनाथ की प्रतिमा को तुरंत बरामद किया जाए और दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
हाईवे पर मचा हडक़ंप, मौके पर लगा जमावड़ा
शनिवार सुबह जैसे ही दोनों युवकों के हाईवे स्थित मोबाइल टावर पर चढऩे की खबर फैली, पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों, ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग के बिल्कुल पास इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी और स्थिति तनावपूर्ण बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया और वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
एक दिन पहले एसडीएम को सौंपा था ज्ञापन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंगाजी का खेड़ा गांव से भोलेनाथ की प्रतिमा चोरी होने की घटना से ग्रामीणों में गहरा असंतोष व्याप्त था। घटना धार्मिक आस्था से जुड़ी होने के कारण ग्रामीण लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। एक दिन पूर्व ही ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को काफी समय बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है, जिससे लोगों का धैर्य जवाब दे गया।
प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती, सुरक्षा और आक्रोश नियंत्रण
टावर पर चढ़े युवकों के कारण पुलिस प्रशासन के सामने हाथ-पांव फूलने वाली स्थिति पैदा हो गई है। फिलहाल पुलिस प्रशासन के लिए दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है।  अत्यधिक ऊंचाई पर मौजूद दोनों युवकों को सुरक्षित नीचे उतारना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।प्रतिमा की बरामदगी को लेकर ग्रामीणों में लगातार बढ़ रहे असंतोष को नियंत्रित करना और उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाना।
पुलिस अधिकारी कर रहे समझाइश
हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि यातायात बाधित न हो। पुलिस अधिकारी लाउडस्पीकर और फोन के जरिए टावर पर चढ़े युवकों से लगातार बातचीत कर रहे हैं और उन्हें नीचे उतरने के लिए समझा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवक मोबाइल टावर पर ही डटे हुए थे और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयासों में जुटे थे। फिलहाल पूरा मामला प्रतिमा चोरी की जांच और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिका हुआ है।

अन्य सम्बंधित खबरे