बड़ा हादसा: कचरा डालने गई बुजुर्ग महिला पर गिरी दीवार, मौके पर मौत
भीलवाड़ा। शहर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुभाषनगर थाने के पास ग्रामीण हाट बाजार के समीप एक जर्जर और खस्ताहाल दीवार अचानक भरभरा कर ढह गई। इस मलबे की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही स्थानीय कॉलोनीवासियों, परिजनों और समाज के लोगों में प्रशासनिक तंत्र के प्रति भारी रोष व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। जानकारी के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी 60 वर्षीया धापू देवी पत्नी बरदीचंद माली बुधवार को रोजमर्रा की तरह सुबह-सुबह अपने घर के पास स्थित ग्रामीण हाट बाजार की दीवार के समीप कचरा डालने के लिए गई थीं। महिला को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि जिस दीवार के पास वह जा रही हैं, वह मौत बनकर उनका इंतजार कर रही है। जैसे ही वह दीवार के पास पहुंचीं, लंबे समय से उपेक्षित पड़ी और कमजोर हो चुकी बाजार की वह जर्जर दीवार अचानक ढह गई। मलबे का वजन और आकार इतना भारी था कि धापू देवी को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिल सका और वह मलबे के नीचे दब गईं।
मलबे से निकाला गया शव, मचा कोहराम
दीवार गिरने कीआवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत सहम गए और दौडक़र मौके पर पहुंचे। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर भारी मलबे को हटाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और धापू देवी दम तोड़ चुकी थीं। इस अचानक हुए हादसे से मृतका के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन पर आरोप, शिकायतों को किया नजरअंदाज
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों और माली समाज के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि ग्रामीण हाट बाजार की यह दीवार काफी लंबे समय से अत्यंत जर्जर और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में थी। यह दीवार कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती थी, जिसकी पूरी आशंका थी। कॉलोनीवासियों का दावा है कि उन्होंने इस खतरनाक दीवार को लेकर कई बार संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को मौखिक व लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन न तो इसे गिराया गया और न ही इसकी मरम्मत की कोई सुध ली गई। यदि प्रशासन ने समय रहते संज्ञान लिया होता, तो शायद एक बेकसूर की जान बच सकती थी।
मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। हादसे की खबर शहर में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में माली समाज के लोग, स्थानीय नागरिक और परिजन जमा हो गए। मोर्चरी के बाहर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
आक्रोशित भीड़ लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ तुरंत प्रभाव से सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा मृतका के पीडि़त परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग पर अड़ी रही।ै। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार दिनेश साहू, थानाधिकारी कैलाश विश्रोई सहित कई पुलिस अधिकारियों ने समझाइश की लेकिन दोपहर तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
गुरला में आधी रात मकान में भीषण आग, 2 से 3 लाख का सामान जलकर खाक
10 घंटे पहले
सीओपीडी दिवस विशेष: सांसों की इस खामोश बीमारी पर चिंता, नए मरीजों की दर सबसे ज्यादा
10 घंटे पहले
दो दिन से लापता बुजुर्ग महिला का शव कुएं में मिला, परिवार में छाया मातम
10 घंटे पहले
गोपाष्टमी पर द्वारकाधीश और श्रीनाथजी में पाड़ों-बिजारों की पारंपरिक भिड़ंत ने मोहा मन
10 घंटे पहले
खेत जोतने गए परिवार पर लाठी-तलवार से जानलेवा हमला, पिस्टल दिखाकर धमकाया, सोने के गहने लूटे
एक दिन पहले
मेडिकल कॉलेज भीलवाड़ा की बड़ी उपलब्धि: पहले पीजी बैच का 100 फीसदी परिणाम, सभी 8 विद्यार्थी सफल
16 नवम्बर 2026