मुख्य सामग्री पर जाएं

शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार रात 5 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी।
  • भारत-चीन समेत 16 देशों पर टैरिफ बढ़ा सकता है अमेरिका
भीलवाड़ा

बेअसर होती दवाएं: एंटीबायोटिक की मनमानी पड़ रही सेहत पर भारी- एमजीएच में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस पर मंथन

ल

लोकजीवन संवाददाता

26 नवम्बर 2026, 01:18 PM 3 मिनट में पढ़ें

बेअसर होती दवाएं: एंटीबायोटिक की मनमानी पड़ रही सेहत पर भारी- एमजीएच में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस पर मंथन

 भीलवाड़ा लोकजीवन (लोकेश सोनी)। हल्का सा बुखार या जुकाम होते ही बिना डॉक्टरी परामर्श के मेडिकल स्टोर से एंटीबायोटिक दवाएं खरीदकर खाना अब आपकी जान पर भारी पड़ सकता है। दवाओं के इस बेतहाशा और अनियंत्रित इस्तेमाल से शरीर के भीतर मौजूद जीवाणु इतने ताकतवर होते जा रहे हैं कि उन पर जीवनरक्षक दवाओं का असर भी खत्म होने लगा है। चिकित्सा जगत की इस सबसे बड़ी और गंभीर चुनौती  एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस  (एएमआर) पर गुरुवार को महात्मा गांधी   चिकित्सालय के लेक्चर हॉल में एक विशेष सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यशाला का आयोजन किया गया। आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस हाईटेक सत्र में विशेषज्ञों ने डिजिटल प्रेजेंटेशन और केस स्टडी के जरिए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते एंटीबायोटिक दवाओं का दुरुपयोग नहीं रोका गया, तो भविष्य में मामूली संक्रमण का इलाज करना भी नामुमकिन हो जाएगा।
सीएमई में वन हेल्थ, वन एक्शन का दिया मंत्र

अवेयरनेस वीक के तहत आयोजित इस सीएमई का मुख्य विषय फ्रॉम प्रिस्क्रिप्शन टू प्रिवेंशन: ए मल्टीसेक्टोरल स्ट्रेटजी फॉर एएमआर कंटेनमेंट रखा गया। वक्ताओं ने सप्ताह की थीम वन हेल्थ, वन एक्शन प्रिवेंट एएमआर नाउ को रेखांकित करते हुए कहा कि यह समस्या केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं है। मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ पशु चिकित्सा और पर्यावरण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करके ही दवा प्रतिरोधक क्षमता की इस बढ़ती चेन को तोड़ा जा सकता है। कार्यक्रम में जागरूकता पोस्टरों और डेटा एनालिसिस के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग ही सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।
दवा का अधूरा कोर्स छोडऩा सबसे बड़ा खतरा
सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने आमजन की सबसे बड़ी लापरवाही की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि मरीज अक्सर दो-तीन खुराक लेने के बाद थोड़ा आराम महसूस होते ही दवा का निर्धारित कोर्स बीच में ही छोड़ देते हैं। यह आदत सबसे घातक है, क्योंकि इससे अधमरे जीवाणु खुद को और अधिक मजबूत बना लेते हैं और अगली बार वही दवा उन पर काम नहीं करती। इसके अलावा सेल्फ-मेडिकेशन की प्रवृत्ति भी हालात बिगाड़ रही है। 
प्रिस्क्रिप्शन से लेकर रोकथाम तक पर मंथन 
कार्यक्रम में संरक्षक के रूप में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पूजा गंगराड़े का मार्गदर्शन रहा। विशेष अतिथि के रूप में जिला नोडल अधिकारी (एएमआर) एवं सीएमएचओ डॉ. सी.पी. गोस्वामी, पूर्व प्राचार्य डॉ. वर्षा अशोक सिंह, एमजीएच कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र शर्मा, उपनियंत्रक डॉॅ. वीरभान चंचलानी मौजूद रहे। आयोजन की पूरी रूपरेखा माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रोहित सचदेवा और नोडल अधिकारी (एएमआर) डॉ.भाविनी विजयवर्गीय के निर्देशन में तैयार की गई। सत्र में बड़ी संख्या में चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर्स, मेडिकल विद्यार्थी और स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए, जिन्होंने प्रिस्क्रिप्शन से लेकर रोकथाम तक की बहुक्षेत्रीय रणनीति पर मंथन किया।  अंत में सभी ने एंटीबायोटिक की प्रभावशीलता बचाने और आमजन को जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें