मुख्य सामग्री पर जाएं

गुरूवार, 19 नवम्बर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की मंगलवार को फिलीपींस में मुलाकात हुई।
  • ब्रिटिश प्रिंस विलियम ने मुंबई में इलेक्ट्रिक ऑटो चलाया:पत्नी केट पीछे बैठीं
  • जयपुर में सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक हटाएंगे अतिक्रमण:हाईकोर्ट के आदेश के बाद कल हो सकती कार्रवाई
राजस्थान

मैं न दिल्ली में इन्वॉल्व हूं, न राजस्थान में- गहलोत

ल

लोकजीवन संवाददाता

18 नवम्बर 2026, 12:17 PM 4 मिनट में पढ़ें

मैं न दिल्ली में इन्वॉल्व हूं, न राजस्थान में- गहलोत

जयपुर, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सरकारी आवास नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। गहलोत ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति, पूर्व उपराष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री को टाइप-8 बंगला मिलता है, लेकिन धनखड़ को दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद अब तक आवास नहीं मिला है। यह उचित नहीं है।
कांग्रेस में नई जिम्मेदारी की चर्चा पर बोले- तीन साल से सुन रहा हूं

गहलोत ने राजस्थान और दिल्ली की राजनीति में अपनी भूमिका को लेकर चल रही अटकलों पर खुलकर जवाब दिया। कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें वह पिछले तीन साल से सुन रहे हैं। फिलहाल न तो वह राजस्थान की राजनीति में सक्रिय रूप से इन्वॉल्व हैं और न ही दिल्ली में। उन्होंने कहा, ''मुझे कभी इसके बारे में कोई हिंट भी नहीं दिया गया। तीन साल से लगातार सुन रहा हूं। मैं क्या-क्या बन रहा हूं, ऐसी कोई बात नहीं है।''
हालांकि, राजस्थान से अपने जुड़ाव को लेकर गहलोत ने साफ संकेत दिया कि प्रदेश की जनता से उनका रिश्ता आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा, ''मैं जो काम कर रहा हूं, राजस्थान के अंदर, मैं थां सूं दूर नहीं। मैं दिल से चाहता हूं कि राजस्थान वालों की सेवा करूं। किसी भी पद पर रहूं या नहीं रहूं, लेकिन राजस्थान के लोगों की सेवा करना मेरे दिल के अंदर है। यही मेरी भावना है और आगे भी रहेगी।''
हाईकमान का फैसला सर्वोपरि, जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटूंगा
पार्टी में आगे कोई जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान का फैसला उनके लिए हमेशा सर्वोपरि रहा है और आगे भी रहेगा। पार्टी जहां जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाने से वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 55 साल तक उन पर भरोसा जताया और अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने हर जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया। इसलिए पार्टी के लिए काम करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा, ''जिम्मेदारी कोई भी हो, उसे लेने से मना नहीं कर सकता। मैंने अपने दिल की बात आपको बता दी। पार्टी का इंटरेस्ट मेरे लिए सर्वोपरि रहेगा।''
बोले- बीजेपी और आरएसएस का लोकतंत्र में विश्वास नहीं
गहलोत ने केंद्र सरकार और बीजेपी-आरएसएस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में उनकी नजर में पार्टी की सेवा करने का मतलब देश की सेवा करना है। देश में लोकतंत्र को बचाना जरूरी है, क्योंकि लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठी ताकतें फासिस्ट हैं और बीजेपी तथा आरएसएस का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। गहलोत ने कहा कि अगर देश में वोटों का राज कायम रखना है और लोकतंत्र को मजबूत बनाना है तो सभी को मिलकर इन ताकतों का मुकाबला करना होगा।
सोनिया गांधी की किताब में जिक्र पर बोले- मतलब निकालने की जरूरत नहीं
सोनिया गांधी की किताब में अपने जिक्र को लेकर पूछे गए सवाल पर गहलोत ने इसे सामान्य अनुभव साझा करने का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि किताब में उनके बारे में कोई अलग अध्याय नहीं है। सोनिया गांधी ने बताया है कि वह उन्हें पहले से जानती थीं। राजीव गांधी के दौरों के समय भी उनकी मुलाकात होती थी और इंदिरा गांधी के समय से पहचान रही है। गहलोत के मुताबिक, सोनिया गांधी ने अपने अनुभव के आधार पर उन लोगों का जिक्र किया है, जो बाद में पीसीसी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री जैसे पदों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस बात का कोई अलग मतलब निकालने की जरूरत नहीं है।
 

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी राजस्थान की खबरें

और देखें